आसमान में छायी बदली, बढ़ी उमस
मोदीपुरम। उमस और गर्मी से शहरवासियों का हाल बेहाल है। बृहस्पतिवार को दिन में आसमान पर बदली छाई रही। शाम को तेज हवाएं भी चलीं, लेकिन लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक ऐसे ही हालात रहने की आशंका जताई है।
मई में गर्मी ने कई सालों का रिकार्ड तोड़ दिया। जून मेें भी ऐसे ही हालात बन रहे हैं। दिन और रात का तापमान बढ़ने से मौसम का मिजाज बदल रहा है। बढ़ती गर्मी का असर पशु पक्षी और जीव जंतुओं पर भी दिखाई दे रहा है। जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। बृहस्पतिवार को मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 51 व न्यूनतम 34 प्रतिशत दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री अधिक रहा। सुबह से दोपहर तक 6 किमी प्रतिघंटा और शाम को 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि आसमान पर बादलों के चलते दिन में उमस ने गर्मी को बढ़ा दिया। आने वाले दो दिनो तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है।
सड़कें रहीं सूनसान
गर्मी का असर नेशनल हाईवे पर भी दिखाई दे रहा है। दोपहर में ढाई बजे के करीब सिवाया टोल प्लाजा पर वाहन नहीं दिखाई दिए। इसके अलावा कई प्रमुख बाजारों में भी लोगों की तादात कम दिखाई दी।