बच्चे से कुकर्म कर दुकानदार फरार
परीक्षितगढ़। नगर में तीन दिन पूर्व बुआ के पास आए आठ वर्षीय बच्चे के साथ पड़ोसी दुकानदार कुकर्म करके फरार हो गया। पीड़ित बच्चे ने अपने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने थाने पहुंचकर उक्त दुकानदार के खिलाफ कुकर्म की तहरीर दी। पुलिस दुकानदार को गिरफ्तार कर थाने ले आई और बच्चे को मेडिकल के लिए भेज दिया।
कस्बा निवासी बच्चा गर्मी के छुट्टी में नगर में ही अपनी बुआ के यहां आया हुआ था। तीन दिन पूर्व दोपहर में परिवार के सभी सदस्य आराम कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी दुकानदार घर पहुंचा और बच्चे को अकेला देख मकान के निचले तले में बने कमरे में ले गया और कुकर्म किया। वहीं, बच्चे द्वारा किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़ित बच्चा इतना डरा हुआ था कि उसने अपने घर जाने की जिद करने लगा। जिस पर बच्चे का पिता उसे ले आया। उसे गुमसुम देख परिजनों ने जानकारी की तो बच्चे ने घटना के बारे में बताया। जिस पर पीड़ित बच्चे के परिजन थाने पहुंचे तथा उक्त युवक के खिलाफ कुकर्म की तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पीड़ित बच्चे को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष शिवदत्त सिंह ने बताया कि एक युवक द्वारा कुकर्म करने की तहरीर दी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।