तापमान 3.3 डिग्री गिरा, उमस ने रुलाया
- मई के बाद अब जून में भी झुलसाएगी गर्मी
- तापमान गिरने के बाद भी कम नहीं हुआ गर्मी का अहसास
- फिलहाल राहत के आसार कम, हवा चलेगी तेज
अमर उजाला ब्यूरो
मोदीपुरम। 30 से बढ़कर 62 प्रतिशत पहुंची आर्द्रता ने दिन में गर्मी में रुला दिया। चौबीस घंटे में तापमान तो 40 डिग्री से नीचे आ गया, लेकिन उमस ऐसी बढ़ी की दिनभर पसीने नहीं सूखे। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो दो दिन अभी गर्मी का असर रहेगा, राहत के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। हवा तेज चलने से तापमान स्थिर रह सकता है।
मई में रिकार्ड बनाने के बाद अब गर्मी जून माह में भी झुलसाएगी। तापमान भले ही 40 डिग्री से नीचे आ गया, लेकिन राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम के तेवर दिन प्रतिदिन गर्म होते जा रहे हैं। इस कारण से शहरवासी हलकान हैं। अभी तक अधिकतम आर्द्रता 30 से 35 प्रतिशत तक चल रही थी, लेकिन 24 घंटे में ही यह बढ़कर 62 प्रतिशत तक पहुंच गई। इस कारण दिन में भी मौसम के तेवर बदलते रहे, शाम को सूरज ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिली। दिन में तापमान 3.3 डिग्री गिर गया, लेकिन आर्द्रता बढ़ने के कारण गर्मी का अहसास अन्य दिनों से ज्यादा दिखाई दिया। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 62 और न्यूनतम 45 प्रतिशत दर्ज की गई। आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि दिन का तापमान सामान्य था जबकि रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा था। दो दिन तक तापमान 40 डिग्री के आसपास ही रहेगा और मौसम साफ रहेगा। गर्मी का असर अभी ऐसे ही बना रहेगा। गर्मी से अभी राहत के आसार कम दिख रहे है।
जब नमी बढ़ती है तो ज्यादा होता है गर्मी का अहसास
आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि शनिवार को मौसम में नमी बहुत थी। दिन में सुबह 62 और दोपहर में 45 प्रतिशत पर आ गई। जब नमी बढ़ जाती है तो गर्मी का अहसास ज्यादा होता है। शनिवार को ऐसे ही देखने को मिला। तापमान तो कम हो गया, लेकिन नमी बढ़ने के कारण गर्मी ने दम निकाल दिया। मौसम का यह हाल आगे भी ऐसे ही बना रहेगा।