शहर से हाईवे तक जाम, नहीं हो रहा समाधान
- दिल्ली रोड और हाईवे पर जाम से जूझते रहे वाहन
- शहर में भी कई स्थानों पर लगी वाहनों की लाइन
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। शहर में यातायात व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही है। मुख्य मार्गों पर ई रिक्शा प्रतिबंधित करने से कुछ सुधार हुआ है, लेकिन अन्य स्थानों पर जाम की समस्या बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को कई स्थानों पर लोग जाम से जूझते नजर आए।
सुबह 10 बजे ही शहर में अलग-अलग स्थानों पर जाम लगना शुरू हो गया। बाउंड्री रोड पर लालकुर्ती पैठ बाजार से बेगमपुल तक जाम लगा रहा। यहां अवैध तरीके से ठेले, फड़ लगने से जाम की समस्या बनती रही। दिल्ली रोड पर भैसाली बस अड्डे के सामने वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। केसरगंज से लेकर रेलवे रोड चौराहे तक जाम लगा रहा। मेट्रो प्लाजा, एचआरएस चौक पर पुलिस चेकिंग करती रही और लोग जाम में जूझते रहे।
बागपत रोड पर एचआरएस चौक से लेकर टीपीनगर थाने तक भी वाहन जाम में फंसे रहे। दिल्ली रोड पर टीपीनगर कट और मंडी गेट के कट के सामने दिन में भारी वाहनों के आने से लेकर लगातार समस्या बनी हुई है। टीपीनगर और मंडी गेट तक भारी वाहन रांग साइड से आकर मुड़ते हैं जिससे जाम लगता है। शाम को फिर से दिल्ली रोड पर दिल्ली चुंगी से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर तक जाम से लोग परेशान रहे। वहीं मोहिउद्दीनपुर में भी लोग जाम से जूझते रहे। बिजली बंबा बाईपास पर जुर्रानपुर फाटक पर भी आधा किमी लंबा जाम लगा रहा।
घंटाघर पर बिगड़ने लगी यातायात व्यवस्था
मुख्य मार्गों पर ई रिक्शाओं के प्रतिबंध से चालक शहर के अंदर के मार्गों से गुजरे तो वहां भी जाम लग गया। दोपहर के समय खैरनगर चौपले से लेकर छतरी वाले पीर तक जाम लगा रहा। वहीं छतरी वाले पीर से जिला अस्पताल रोड पर ई रिक्शाआें के कारण वाहन जाम में फंसे रहे। घंटाघर पर एसपी सिटी कार्यालय के सामने लगातार बीच सड़क पर ई रिक्शा खड़ा होने से वाहनों की लाइन लग गई। हापुड़ अड्डा चौराहे से लेकर भूमिया पुल तक भी जाम लगा रहा।