पुलिस ने लाखों की शराब नष्ट की
दौराला। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर लाखों रुपये की शराब जलाने के बाद उसे नष्ट कर दिया। उसे जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर दबवा दिया है। पुलिस के अनुसार करीब दो साल पहले दौराला थाने में आबकारी विभाग द्वारा करीब 60 मुकदमें दर्ज किए गए थे। जिसमें पुलिस ने लाखों रुपये कीमत की देशी, जहरीली व अंग्रेजी शराब को तस्करों से कब्जे में लिया था। पुरानी होने के कारण शराब जहरीली हो चुकी थी और दीमक लगने के कारण थाने की स्थिति भी बिगड़ चुकी थी। न्यायालय ने दौराला पुलिस को जहरीली बनी लाखों रुपये कीमत की शराब को नष्ट करने के आदेश दिए थे। दौराला पुलिस ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर शराब को उसमें डलवाया और फिर आग लगा दी। इसके बाद उसे दबवा दिया। एसओ रितेश कुमार ने बताया कि न्यायालय ने शराब को नष्ट करने के आदेश दिए थे। जिसका पालन दौराला पुलिस द्वारा किया गया है।