छह ट्रांसफार्मरों के कोने काटकर तेल चोरी
माछरा। हसनपुर कलां बिजली घर के गांव कायस्थ बढ्ढा के जंगल में एक सरकारी और पांच ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मरों के कोने काटकर तेल चोरी कर लिया। जेई द्वारा थाने में तहरीर दी गई है। वहीं, ट्रांसफार्मर न चल पाने के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेरठ-गढ़मुक्तेश्वर मार्ग पर हसनपुर कलां में 33/11 केवीए क्षमता का बिजली घर है जिसमें कायस्थ बढ्ढा, भटीपुरा सहित आदि जंगलों में सप्लाई है। बिजलीघर पर तैनात जेई संजीव कुमार सिंह ने बताया कि गांव कायस्थ बढ्ढा में राजकीय नलकूप संख्या-5, सहित आस मौहम्मद, जकी मोहम्मद, गुलजार आलम व भटीपुरा निवासी चांदवीर, भरतवीर के ट्यूबवेल पर रखे ट्रांसफार्मरों के कोने काटकर चोरों ने तेल चोरी कर लिया। विद्युत आपूर्ति होने पर ट्रांसफार्मर फुंक गए। किसानों ने घटना की जानकारी बिजलीघर में दी। जेई संजीव कुमार के मुताबिक कुल छह ट्रांसफार्मर के कोने काटकर तेल चोरी किया गया है। इस मामले में जेई द्वारा किठौर थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। वहीं ट्रांसफार्मर ठीक न होने से किसानों के सामने सिंचाई की समस्या पैदा हो गई है।