रोजगार देने के नाम धोखाधड़ी करने का आरोप
मवाना। गांव कौल निवासी पांच ग्रामीणों ने दोने एवं प्लेट की मशीन लगवाने के नाम पर उनसे 8 लाख 70 हजार रुपये हड़प लिये तथा मशीन आदि कुछ भी नहीं दी। पैसे मांगने पर गालीगलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
गांव कौल निवासी दिव्यांशु पुत्र बिजेंद्र, सुनीत पुत्र रमेश तथा सांधन निवासी हर्ष चौधरी पुत्र यशपाल सिंह ने बताया कि वे शिक्षित बेरोजगार हैं। वे छह माह पूर्व एक समाचार पत्र में प्रकाशित विज्ञापन को देख मवाना गुड़ मंडी में बने कार्यालय में गए। जहां दोने व प्लेट बनाने की मशीन एक लाख 40 हजार रुपये में देने तथा कच्चा माल देकर तैयार माल अच्छे दाम पर खरीदने की बाबत जानकारी दी। जिसमें प्रति व्यक्ति 1 लाख 40 हजार रुपये जमा कराने तथा 15 दिन बाद मशीन मिलने की जानकारी दी थी।
जिस पर दिव्यांशु ने तीन मशीन के लिए 4 लाख 20 हजार, सुनीत ने एक लाख 40 हजार, हर्ष चौधरी ने एक लाख 70 हजार तथा एक अन्य गांव खेड़ी मनिहार ने 1 लाख 40 हजार रुपये जमा किए। जिसकी आरोपियों ने उनको रसीद दे दी। उन्हें आज तक न तो मशीन मिली और न ही कच्चा माल। जब वे कार्यालय पर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। आरोपी कहते हैं कि कार्यालय खोलने वाला उनका रिश्तेदार था। उनको नहीं पता कहां चला गया। 28 मई की शाम को जब वे कार्यालय पर गए तो आरोपियों ने उनके साथ गालीगलौज एवं मारपीट की। उन्होंने धमकी दी कि यदि तकादा करने आए तो जान से मार देंगे। तहरीर में आरोपियों पर षड्यंत्र कर रोजगार देने के नाम पर ठगने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। एसएसआई नरेंद्र सिंह ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।