संविदाकर्मियों की हड़ताल जारी
मवाना। मानदेय नहीं मिलने से क्षुब्ध विद्युत निगम के संविदाकर्मी बुधवार को भी हड़ताल पर रहे। इससे निगम के अधिकारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, कर्मियों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द मानदेय दिए जाने की मांग की।
बताते चलें कि विद्युत निगम के 175 निविदा एवं संविदाकर्मियों को मार्च एवं अप्रैल का मानदेय अब तक प्राप्त नहीं हो सका है। इससे क्षुब्ध कर्मी सोमवार से कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर चले गए थे। डिविजन अध्यक्ष नजर अली ने बताया कि बुधवार को तीसरे दिन भी कोई अधिकारी उनके बीच वार्ता करने नहीं पहुंचा। जिस कारण कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने बताया कि दो माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार अधिकारियों एवं ठेकेदार से मानदेय दिए जाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद कर्मियों को मानदेय नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि जब तक उन्हें मानदेय नहीं मिलेगा वे कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार पर कर्मियों के रहने से उपभोक्ताओं एवं अधिकारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिशासी अभियंता एसके निर्भय ने बताया कि कर्मियों को मानदेय दिलाए जाने को लेकर अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। इन्हें जल्द ही मानदेय दिलाया जाएगा।