अवैध कट ने ली बाइक सवार की जान
कंकरखेड़ा। शहर की सड़कों पर किए गए अवैध कट जानलेवा हो रहे हैं। आए दिन इन कटों की वजह से हादसे हो रहे हैं। बुधवार को भी नेशनल हाईवे पर अवैध कट से सड़क पार कर रहे बाइक सवार व्यक्ति को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार राजा मोहन शर्मा (55) पुत्र रघुवीर शर्मा निवासी कासमपुर आर्मी से रिटायर्ड थे। वर्तमान में मोदीपुरम स्थित डीएमआई स्कूल में क्लर्क के पद पर काम कर रहे थे। वह प्रतिदिन सुबह बाइक से ड्यूटी जाते थे। बुधवार को भी ड्यूटी जा रहे थे। जब वह श्रद्धापुरी फेस-2 के सामने पहुंचे तो हाईवे पर दूसरी साइड जाने के लिए डिवाइटर में बने अवैध कट से सड़क पार करने लगे। इसी बीच हरिद्वार की ओर से आ रही एक कार तेज रफ्तार कार ने राजा मोहन की बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर चोट आने की वजह से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। कार भी बाइक में टक्कर मारने के बाद डिवाइडर से टकरा गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर एपी मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
लोगों ने बताया कि राजा मोहन के दो बेटे हैं। दोनों दिल्ली और गुड़गांव में प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। हादसे का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मोर्चरी पर शव देखते ही परिजन बिलख पड़े।