गंगनहर पर नहाने वालों पर नहीं, शराब पीने पर रोक
मुरादनगर। पुलिस प्रशासन ने गंगनहर में लोगों के डूबने पर मंगलवार को नहाने वालों पर रोक लगा दी। शनि मंदिर के महंत मुकेश गोस्वामी ने गंगनहर चौकी प्रभारी पर आरोप लगाया था कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को जबरन रोका जा रहा है।
एसएचओ उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने गंगनहर पर शराब पीकर नहाने वालों को रोका है। नहर पर बने शनि मंदिर में कोई भी आ जा सकता है। गंगनहर पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस की गाड़ी लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। बताया कि अधिकांश मामलों में नशे में लोगों का नहर में डूबने का कारण पता चला है। पुलिस ने शराब पीकर आने वाले लोगों के नहाने पर रोक लगा दी है। बुधवार को मंदिर में पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालु गंगनहर घाट पर स्नान करते नजर आए। उधर मसूरी पुलिस ने नाहल झाल गंगनहर में नहाने आने वाले लोगों पर बड़ी कार्रवाई की है। 10 वाहन चार पहिया और दो छोटे सीज किए हैं। इसके अलावा 10 वाहनों के चालान भी काटे हैं। थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बड़ी संख्या में नहाने आए लोगों को चेतावनी देकर हटाया। साथ ही कहा कि दोबारा आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की एक पीसीआर वैन नहर पर रोजाना देख रेख के लिए तैनात कर दी गई है।