कोचिंग सेंटरों में बैग लेकर नहीं आएंगे छात्र
मवाना। पुलिस ने नगर में कोचिंग सेंटरों में पहुंच संदिग्ध छात्रों के बैग की तलाशी ली। संचालकों को निर्देश दिए कि बिना परिचय पत्र के किसी छात्र को नहीं बैठाया जाए तथा बैग लेकर न आएं। यदि कोई छात्र अवैध हथियार के साथ पकड़ा जाता है तो कोचिंग सेंटर संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि नगर में कोचिंग सेंटरों की भरमार है। कोचिंग करने आने वाले छात्रों के बीच दबंगाई दिखाने के लिए मारपीट से लेकर हवाई फायरिंग की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। जिस कारण नगर में लोगों के बीच भय और दहशत का माहौल बनता है। ऐसी घटनाओं का संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी संजय कुमार ने बृहस्पतिवार को पुलिस फोर्स के साथ कोचिंग सेंटरों में पहुंचे। उन्होंने संदिग्ध दिखने वाले छात्रों तथा उनके बैग की तलाशी ली। साथ ही कोचिंग सेंटर संचालकों को निर्देश दिए कि वे छात्रों को परिचय पत्र जारी करें। बिना परिचय पत्र के मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं छात्रों बैग न लाने की बात कही। चेतावनी दी अगर किसी छात्र के पास अवैध हथियार मिलता है तो कोचिंग सेंटर संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।