ग्रामीण से मारपीट कर रुपये लूटे
मवाना। गांव पलड़ा निवासी प्रवेश पुत्र जयचंद बृहस्पतिवार को मखदूमपुर मार्ग पर गंभीर रूप से घायल एवं बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजनों ने उसे मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के भाई ने दो नामजद तथा तीन अज्ञात के खिलाफ लाठी-डंडे एवं चाकू से वार करके घायल कर दो हजार रुपये लूटने की तहरीर दी है।
गांव पलड़ा निवासी नरेश पुत्र जयचंद ने कहा कि वह पेपर मिल में केमिस्ट के पद पर नौकरी करता है। वह बुधवार देर शाम बाइक से ड्यूटी करने के लिए जा रहा था। मवाना में फैय्याज के बाग के पास पहुंचा। उसने अपने भाई प्रवेश को खून से लथपथ बेहोश पडे़ पाया। जिस पर उसने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों को दी। छोटा भाई प्रवीण कार लेकर मौके पर पहुंचा तथा घायल भाई प्रवेश को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल मेरठ में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार सुबह होश आने पर प्रवेश ने बताया कि दो नामजद तथा तीन अज्ञात ने लाठियों एवं चाकू से मारा है। जिससे प्रवेश के सिर तथा जबडे़ में गंभीर चोट हैं। आरोपियों ने प्रवेश से दो हजार रुपये भी लूट लिये। वहीं, थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि घायल के बयान लेने के लिए मेरठ जा रहे हैं। रिपोर्ट दर्ज कर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।