- राशन डीलर पर लगाया मनमानी तरीके से राशन वितरण करने का आरोप
- आपूर्ति निरीक्षक के न मिलने पर 26 मई को दोबारा धरने की चेतावनी दी
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। नंगला हरेरू के ग्रामीणों ने सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता द्वारा निर्धारित दर से अधिक दर पर राशन वितरण करने का आरोप लगाते हुए आपूर्ति निरीक्षक के कार्यालय पर हंगामा कर धरना दिया। किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने तथा घंटों इंतजार करने के बाद ग्रामीण 26 मई को पुन: घेराव की चेतावनी देकर लौट गए।
गांव नंगला हरेरू के ग्रामीण तीन ट्रैक्टर ट्रालियों में तहसील पहुंचे तथा आपूर्ति निरीक्षक के कार्यालय पर जानकारी की। यहां पता चला कि आपूर्ति निरीक्षक ट्रेनिंग के लिए मेरठ गए हैं और 23 मई के बाद मिलेंगे। इसके बाद ग्रामीण हंगामा करते हुए धरना देकर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन डीलर ने बीपीएल व अंत्योदय की सूची नहीं लगा रखी है। निर्धारित दर से अधिक दर पर मनमाने तरीके से राशन देता है। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देता है। राशन नहीं मिलने के कारण ग्रामीण परेशान हैं। इस दौरान जहीर, नजीर अहमद, कालूराम, सलीम, सीताराम, सोनू, जगपाल, नफीसा, कौशल, रिहाना, गुड्डी, फरजाना, शहनाज, आशमीन, हमीद, रईस आजम, राजेंद्र सिंह, मंगत सिंह, अशरफ, सोनू, रघुवीर, नईसा, रजत कुमार आदि मौजूद रहे।