मेरठ। आनंद अस्पताल के मेडिकल स्टोरों पर खैरनगर के दवा व्यापारियों का 12.85 करोड़ रुपये बकाया का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को दवा व्यापारी फिर आनंद अस्पताल पहुंचे और उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनका बकाया पैसा 26 मई तक नहीं मिला तो वह 27 मई से अस्पताल में धरना देंगे। इस संबंध में उन्होंने आनंद अस्पताल के प्रबंध निदेशक हरीओम आनंद के नाम ज्ञापन भी अस्पताल में दिया।
मेडिसिन एंड सर्जिकल हॉस्पिटल सप्लाई एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज तोमर ने कहा कि गढ़ रोड स्थित आनंद अस्पताल स्थित मेडिकल स्टोरों पर 80 व्यापारियों का पिछले करीब 8 माह से 12.85 करोड़ रुपये बकाया है। यह पैसा जीएसटी टैक्स इन्वॉइस के माध्यम से सप्लाई की गई दवाओं का है। उन्होंने कहा कि हम बार-बार अपने बकाया पैसों को मांगने के लिए जब स्टोर के मालिक (हरीओम आनंद व पत्नी मीना आनंद और बेटी मानसी आनंद) के पास जाते हैं तो वह हमें झूठे आश्वासन देते हैं। व्यापारियों ने कहा कि कुछ समय पहले मीना आनंद द्वारा हस्ताक्षरित चेक जारी किए गए थे, जिसके लिए बाद में गौतम आनंद ने आग्रह किया कि अभी यह चेक न लगाएं जाएं, क्योंकि अभी बैंक में धनराशि उपलब्ध नहीं हैं। जिस कारण हमने वह चेक बैंक में नहीं डाले हैं।
अभद्रता करने का भी आरोप
नीरज तोमर ने बताया कि जब वह अस्पताल पहुंचे तो दवा व्यापारियों के साथ वहां अभद्रता की गई। उनसे मिलने से मना कर दिया गया। हालांकि वह पहले ही मेडिकल थाने से एक दरोगा को साथ लेकर गए थे। इसकेबाद वह अपनी बात रख सके।
ऐसे दबाव बनाया जाएगा तो काम कैसे करेंगे
हरीओम आनंद की बेटी मानसी आनंद का कहना है कि उन्हें सभी लोगों के पैसे देने हैं। लेकिन जिस तरह से लगातार दबाव बनाया जा रहा है तो ऐसे तो वह न कार्य कर पाएंगे और न अस्पताल सही से चल पाएगा। उन्होंने पहले भी इन लोगों को कुछ पैसों का ऑफर दिया था, मगर दवा व्यापारी उतने पैसे पर संतुष्ट नहीं थे।