पूर्व विधायक ने किया यूजर चार्ज का विरोध
मवाना। घर-घर से कूड़ा उठाने के नाम पर नगर पालिका ने लोगों पर यूजर चार्ज लगा दिया। मामले की जानकारी मिलने पर सोमवार को पूर्व विधायक एसडीएम मवाना के कार्यालय में पहुंचे और ज्ञापन देते हुए चार्ज लगाने पर रोष जताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह चार्ज नहीं हटाया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
सपा के पूर्व विधायक प्रभु दयाल वाल्मीकि सोमवार को एडवोकेट लेखराज सचदेवा, ललित, चौधरी नरेशपाल के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। नगर के लोगों पर पहले से ही हाऊस टैक्स, जल कर व जल मूल्य का टैक्स लगाया जा रहा है। पहले से ही लोगों पर तीन-तीन टैक्सों का भार पड़ा हुआ था, परंतु नगर पालिका मवाना ने मनमानी चलाते हुए लोगों पर घर-घर से कूड़ा उठाने के नाम पर यूजर चार्ज नाम का एक ओर टैक्स लगा दिया, जिसके बाद घर-घर से 240 रुपये सलाना की रसीद काटी जा रही है। उन्होंने मवाना एसडीएम से मामले की शिकायत करते हुए ज्ञापन सौंपा और टैक्स का विरोध किया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि टैक्स नहीं हटाया गया और जिन लोगों से अब तक टैक्स वसूला गया है उनके पैसे वापस नहीं किए गए तो वह आंदोलन करने पर विवश होंगे। इस पर एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव ने अधिशासी अधिकारी से फोन पर वार्ता की। एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को तहसील दिवस में अधिशासी अधिकारी को बुलाया गया है। उस दौरान इस टैक्स को लेकर पूरी वार्ता की जाएगी।