सर्वर डाउन होने से तौल प्रभावित, हंगामा
- टिकौला मिल के क्रय केंद्र सी पर घंटों रही तौल प्रभावित, तौल शुरू होने पर ही शांत हुए किसान
बहसूमा। टिकौला मिल के क्रय केंद्र सी पर शनिवार को बार-बार सर्वर डाउन होने से तौल प्रभावित हो गई। जिस कारण गुस्साएं किसानों ने जमकर हंगामा किया। सर्वर आने के बाद ही किसान शांत हुए।
किसान वेदपाल गुर्जर, जयबीर अहलावत, संजय, महिपाल आदि ने बताया कि मिल द्वारा इस बार क्रय केंद्रों पर ऑनलाइन कांटे लगाए गए है, जिस कारण तौल इलेक्ट्रोनिक कांटों के माध्यम से आनलाइन की जा रही है। शनिवार को टिकौला मिल के क्रय केंद्र सी पर बार-बार सर्वर भाग जाने के कारण किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। दरअसल सर्वर भाग जाने के कारण किसानों को घंटों तक लाइन में लगकर तौल का इंतजार करना पड़ा, जिस कारण गन्ने लेकर पहुंचने वाली भैंसा बुग्गी, ट्रैक्टर-ट्राली की लाइन लग गई। इस पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जमकर हंगामा किया। सर्वर भागने के कारण एक बुग्गी डालने वाले किसान को क्रय केंद्र पर ही तीन से चार घंटे लग रहे थे। घंटों चले हंगामे के बाद तौल लिपिक ने फोन कर अधिकारियों को मामले की जानकारी से अवगत कराया। जिस पर सर्वर ठीक किया गया। सर्वर शुरू होने पर तौल व्यवस्था शुरू की गई, जिस पर किसानों ने हंगामा समाप्त कर दिया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि मिल ने तौल की व्यवस्था नहीं सुधारी तो विवश हो उन्हें आंदोलन करना पड़ेगा। वहीं इस संबंध में मिल के जीएम केन ऋषिराज शर्मा का कहना है कि सर्वर की समस्या को दूर किया जा रहा है।