ग्रामीणों ने रूकवाया सड़क निर्माण कार्य, हंगामा
दौराला। भराला-पनवाड़ी के ग्रामीणों ने रविवार को हाईवे झाल से लावड़ रोड तक पीडब्लूडी द्वारा बनाई जा रही सड़क का निर्माण कार्य हंगामा करते हुए रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उन्हें पूरा मुआवजा नहीं मिलेगा तब तक कार्य शुरू नहीं होगा। हालांकि बाद में पीडब्ल्यूडी के जेई द्वारा दिए गए अश्वासन के बाद काम शुरू करा दिया गया है।
हाईवे झाल होटल से भराला-पनवाड़ी गांव से होते हुए लावड़ रोड़ तक पीडब्ल्यूडी द्वारा एक सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस सड़क के लिए भराला-पनवाड़ी के सैकड़ों किसानों की जमीन को अधिकृत किया गया था। सड़क निर्माण कार्य पिछले एक साल से चल रहा है मगर किसानों का पूरा मुआवजा नहीं मिला है। रविवार को इसी बात से क्षुब्ध होकर दोनों गांव के किसानों ने एकत्र होकर हंगामा किया और सड़क निर्माण का कार्य रुकवा दिया। मामले की सूचना पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी के जेई संजीव शर्मा ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाया और कहा कि जल्द ही उच्चाधिकारियों से बात कर मुआवजा दिलाया जाएगा। आश्वासन के बाद किसानों ने कार्य शुरू करा दिया। किसानों का कहना है कि वह सभी मिलकर सोमवार को मामले की शिकायत एसडीएम सरधना से करेंगे। हंगामा करने वालों में भराला के ग्राम प्रधान उपेंद्र सिंह, संजय पनवाड़ी, गौरव, पदम सिंह, ओमवीर सिंह, अरुण, मनोज, अलबेल, जोगेंद्र, संजय आदि किसान मौजूद रहे।