चौकीदार के साथ भतीजे ने की मारपीट, जेल भेजा
दौराला। मटौर गांव में बीती देर रात दौराला थाने के चौकीदार के साथ भतीजे ने मारपीट कर दी। पीड़ित ने आरोपी पर पैसे छीनने का भी आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी को शांतिभंग की धाराओं में जेल भेज दिया है।
मटौर गांव निवासी 59 वर्षीय किरणचंद वाल्मीकि दौराला थाने का चौकीदार है। किरणचंद का आरोप है कि उसका भतीजा प्रदीप आए दिन गाली गलौच करता है। बीती देर रात विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने 750 रुपये भी छीन लिए। इसके बाद भी वह जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया है। एसएसआई धारा सिंह ने बताया कि आरोपी का शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया गया है।