अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। कस्बे में रविवार को धर्म पूछकर मारपीट एवं लूटपाट के मामले ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। संगीत सोम सेना के नगर मंत्री के साथ हुई घटना के विरोध में सोमवार को कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कोतवाली का घेराव कर धरना दिया। इसके बाद पुलिस चौकी बस स्टैंड पहुंचकर जाम लगा दिया। इस पर एसडीएम एवं सीओ ने स्थिति संभाली। वहीं, कार्यकर्ताओं ने विधायक संगीत सोम से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने पर जाम खोला।
अमन कॉलोनी निवासी संगीत सोम सेना का नगर मंत्री अजय कुमार अपने साथी प्रदीप कुमार के साथ रविवार शाम ईकड़ी रोड से जा रहा था। आरोप है कि दूसरे समुदाय के युवकों ने धर्म पूछकर उनसे मारपीट की तथा नकदी लूट ली। इसके पश्चात पीड़ित ने दो नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। इस दौरान उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। संगीत सोम सेना के प्रदेशाध्यक्ष सचिन खटीक व अन्य कार्यकर्ता रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी देकर चले गए। हालांकि पुलिस ने देर रात सुऐब पुत्र यामीन, रिहान पुत्र अय्यूब तथा दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
संगीत सोम सेना के प्रदेशाध्यक्ष सचिन खटीक के नेतृत्व में सोमवार दोपहर काफी संख्या में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे। उन्होंने संगीत सोम सेना के नगर मंत्री अजय कुमार व उनके साथी प्रदीप कुमार से वारदात करने वालों की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी ली। इस पर एसएसआई मनोज शर्मा ने बताया कि सुऐब पुत्र यामीन को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरा आरोपी रिहान पुत्र अय्यूब व अज्ञात की तलाश जारी है। इस पर कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी नहीं होने तक कोतवाली का घेराव करने की चेतावनी दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। वे कोतवाली गेट पर धरना देकर बैठ गए।
इस दौरान इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल सरकारी काम से मेरठ गए हुए थे। यहां मौजूद एसएसआई मनोज कुमार ने कार्यकर्ताओं को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वे तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। उधर, सीओ संतोष कुमार एवं एसडीएम अमित कुमार अपने कार्यालय में मौजूद थे। किसी भी अधिकारी ने कार्यकर्ताओं से वार्ता नहीं की। इससे गुस्साए संगीत सोम सेना के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पुलिस चौकी बस स्टैंड की तरफ चले।
एसडीएम और सीओ जानकारी पाकर कार्यालय ने निकले और कार्यकर्ताओं को सिंडिकेट बैंक के निकट रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और जाम लगा दिया। इस दौरान अधिकारियों की प्रदेशाध्यक्ष सचिन खटीक, मोहित सोम, राहुल टेहरकी, विक्की सैनी, सोनू सैनी से नोकझोंक हुई। पुलिस चौकी पर पहले ही जाम लगा था। कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर स्थिति गंभीर हो गई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी र्हुई। एसडीएम अमित कुमार ने विधायक संगीत सोम से मोबाइल पर बात की और सचिन खटीक से उनकी बात कराई। विधायक से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कराने का आश्वासन मिलने पर कार्यकर्ताओं ने करीब बीस मिनट बाद जाम खोला। वहीं, एसडीएम एवं सीओ ने आश्वासन दिया कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
मुख्य बातें
धर्म पूछकर मारपीट व लूटपाट करने का एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी के निकट लगाया जाम, विधायक के आश्वासन पर खोला