अमर उजाला ब्यूरो
लावड़। मसूरी-लावड़ मार्ग पर बृहस्पतिवार रात एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को गंगानगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत गंभीर बताई है।
लावड़ चौकी क्षेत्र के गांव महल निवासी 24 वर्षीय मोनू पुत्र राजवीर चचेरे भाई गौरव पुत्र सत्यवीर के साथ बीती रात बाइक पर सवार होकर हस्तिनापुर से अपने गांव लौट रहा था। बताया कि वे लावड़-मसूरी मार्ग पर महल गांव स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर पहुंची लावड़ पुलिस दोनों घायलों को उपचार के लिए ले जाने लगी। इसी दौरान मोनू ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घायल गौरव को गंगानगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। उधर, पुलिस ने मोनू का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार में मचा कोहराम
मोनू पुताई करता था। वह बृहस्पतिवार को अपने चचेरे भाई गौरव के साथ किसी काम से हस्तिनापुर गया था। हादसे में मोनू की मौत की सूचना परिवार को लगी तो कोहराम मच गया। मृतक मोनू की पत्नी एवं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी पाकर काफी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
वर्जन
हादसे में एक युवक की मौत हो गई है और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।-शिववीर सिंह भदौरिया, चौकी इंचार्ज, लावड़