बहसूमा बी की टीम बनी चैंपियन
बहसूमा। कस्बे के नवजीवन इंटर कालेज मैदान में आयोजित एक माह से चली आ रही सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को फाइनल मुकाबला बहसूमा बी व हंसापुर की टीम के बीच खेला गया। बहसूमा बी ने हंसापुर की टीम को छह विकेट से पराजित कर ट्राफी पर कब्जा किया।
नवजीवन इंटर कालेज बहसूमा के मैदान में आयोजित एक माह से चली आ रही सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता में 22 टीमों ने प्रतिभाग किया था। रविवार को फाइनल मुकाबला बहसूमा बी व हंसापुर की टीम के बीच खेला गया। हंसापुर टीम के कप्तान सतेंद्र ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 128 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहसूमा बी टीम ने 18 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया और ट्राफी पर कब्जा जमाया। बहसूमा बी टीम के कप्तान रिहान ने नाबाद 53 रन बनाए। प्रतियोगिता के आयोजक संदीप अहलावत व समीर मित्तल ने बताया कि मैन आफ दा मैच रिहान व मैन आफ दा सीरीज का पुरस्कार अमन शर्मा को दिया गया। प्रतियोगिता की विजेता बहसूमा बी टीम को मैच के आयोजक संदीप अहलावत ने ट्राफी व 21 हजार रुपये की नकद धनराशि भेंट की। उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये नकद राशि दी गई। अमित शर्मा, सतेंद्र कुमार, विक्रांत उपाध्याय आदि का विशेष सहयोग रहा।
नहीं पहुंचे वोटर, बीएलओ करते रहे इंतजार
बहसूमा। शासनादेश के अनुसार रविवार को विशेष बूथ दिवस पर कस्बा व गांवों में सभी बूथों पर नए मतदाता बनाने के लिए बीएलओ तैनात रहे। लेकिन सभी बूथों पर बीएलओ मतदाताओं का इंतजार करते नजर आए। देर शाम तक भी ग्रामीणों के नहीं पहुंचने के बाद बीएलओ चले गए। ग्रामीणों के नहीं पहुंचने के पीछे कारण यह भी माना जा रहा है कि रविवार को बीएलओ के बैठने का प्रचार प्रसार न होने के कारण ग्रामीणों को जानकारी नहीं हो पा रही है। जिस कारण ग्रामीण सूची में नाम चढ़वाने नहीं पहुंच पाएं।