किसानों पर लाठीचार्ज करना निंदनीय: राजपाल सिंह
बहसूमा। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर बहसूमा में स्थित जगन्नाथ के अहाते में बृहस्पतिवार को हस्तिनापुर विधान सभा स्तर के सपा एक दिवसीय बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिलाध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह, पूर्व विधायक प्रभुदयाल वाल्मीकि, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रधान उययवीर सिंह व पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद ने बूथ सम्मेलन मे शिरकत की।
सपा के जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने कहा कि पार्टी हाईकमान के निर्देश पर बूथ पदाधिकारियों, बूथ कमेटी कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है। सम्मेलन में हस्तिनापुर विधान सभा क्षेत्र के हर एक गांव व बूथ से पार्टी कार्यकर्ता व बूथ सेक्टर प्रभारी सम्मेलन में शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि सरकार के इशारे पर पुलिस ने दिल्ली में गांधी जयंती के दिन किसान क्रांति पदयात्रा के किसानों पर लाठी चार्ज कर अपनी छोटी मानसिकता का परिचय दिया है। जनता वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में जवाब दे देगी।
पूर्व विधायक प्रभुदयाल वाल्मीकि ने कहा कि चुनाव में जितनी महत्वपूर्ण भूमिका मतदाता और मतदान की होती है उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका मतदाता सूची व वोटर लिस्ट की होती है। इसलिए हमें मतदाता सूची लेकर बूथ पदाधिकारियों को तैनाती होनी जरूरी होती है। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रधान उदयवीर सिंह ने कहा कि मतदाता सूची जितनी निरीक्षण से दुरुस्त होगी। उस बूथ की जीत भी उतनी ही मजबूत होगी। हमें बूथ सम्मेलन में धरातल पर लागू कर वर्ष 2019 में भाजपा मुक्त सरकार देने का काम करना है। संचालन इरफान वह मोबिन ने संयुक्त रूप से किया। प्रशांत गौतम, शाकिल सलमानी, शाकिर फरीदी, पूर्व जिलाध्यक्ष जयबीर सिंह, सैयद रिहानुदीन, बाबुराम कश्यप, विधान सभा अध्यक्ष सचिन गुर्जर, खीमचंद, अवधेश शर्मा, मनोज बंसल, मलक सिंह, अरूण जाटव, सुभाष, शमीम अहमद, विरेंद नागर, वकिला बेगम, नेपाल सिंह, आफताब अल्वी, खलील अहमद, केपी धीमान रामराज, संदीप सेठी आदि रहे।
एक बूथ दस सैनिक तैयार करने का लक्ष्य
कस्बे में आयोजित एक दिवसीय सपा बूथ सम्मेलन में कहा कि प्रत्येक बूथ पर दस समाजवादी सैनिक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
शराबी पति के खिलाफ दी मारपीट की तहरीर
बहसूमा। माखनगर निवासी दो महिलाओं ने पति पर शराब पीकर गाली गलौच व मारपीट का आरोप लगाया है। माखनगर निवासी थाने पहुंची महिला ने बताया कि उसकी शादी को चार वर्ष हो गए है। उसका पति आए दिन शराब पीकर उसके साथ गाली गलौच व मारपीट करता है। पुलिस ने तहरीर देने की बात कही तो महिला ने कहा कि जेल नहीं उसकी केवल पिटाई चाहती है जिससे उसके साथ भविष्य में मारपीट न करे। वहीं दूसरी महिला ने बताया कि उसकी शादी को नौ वर्ष हो गए है। उसका पति अब उसके साथ शराब पीकर मारपीट करता है वह शराब का विरोध करती है। पीड़िता ने तहरीर दे पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वही इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
शराब के ठेके की विंडो उखाड़कर नकदी व लाईसेंस चोरी
बहसूमा। चोरों ने मीरपुर जंगल में स्थित शराब के ठेके की विंडो उखाडकर 15 सौ रुपये की नकदी व लाइसेंस चोरी कर लिया। पीड़ित ने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया।
मीरपुर तखावली निवासी परविंद्र पुत्र रामशरण ने बताया कि मीरपुर तखावली मार्ग पर जंगल में स्थित देशी शराब का ठेका है। वह शराब के ठेके पर सेल्समैन है। बीती बुधवार की रात को अज्ञात चोर ठेके की विंडों व छत उखाड़कर गल्ला निकाल ले गए तथा गल्ले में रखे 15 सौ रुपये की नकदी व लाईसेंस चोरी कर ले गए। पीड़ित ने पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। वहीं इस संबंध में एसओ अजय चौधरी का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
युवक पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
बहसूमा। क्षेत्र के गांव निवासी विवाहिता ने गांव के ही एक युवक पर प्रेम जाल में फंसाकर धोखे से अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैक मेल करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के गांव निवासी विवाहिता का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग हो गया था। युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ अनैतिक यौन संबंध बनाए। जिसकी उसने धोखे से वीडियो क्लिप बना ली। उसके बाद उसने उसे ब्लैक मेल कर कई बार उसके साथ अवैध संबंध बनाए। पीड़िता की वर्ष 2013 में मवाना थाना क्षेत्र के गांव में शादी हो गई। इसके बाद उसका ब्लैक मेल करने का सिलसिला जारी रहा। शादी के बाद विवाहिता ने मिलने से इनकार कर दिया तो उसने उसे नेट पर डालकर बदनाम करने की धमकी दी। जब भी वह अपने घर आती है तो वह उसके साथ वीडियो को डाऊनलोड कर उसे धमकी देता है। 30 सिंतबर 2018 को वह अपने मायके आई तो फिर से उस युवक ने उसे धमकी दी कि यदि वह उससे नहीं मिलेगी तो वह अश्लील क्लिप पुरे क्षेत्र में सभी को दिखाकर बदनाम कर देगा। इस बारे में उसने परिजनों को बताया, तो उन्होंने उसके साथ मिलकर पुलिस में कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस संबंध में एसओ अजय चौधरी का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।