पति समेत नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज
सरधना। दहेज की मांग को लेकर टेहरकी निवासी युवती की गाजियाबाद निवासी ससुरालियों ने 24 सितंबर को हत्या की कोशिश की। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज के रूप में चार लाख रुपये व बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता का ससुराल में उत्पीड़न किया जा रहा था। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने विवाहिता की जान बचाई। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला के पति समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली हैं।
कोतवाली क्षेत्र के टेहरकी गांव निवासी युवती की शादी वर्ष 2017 में गाजियाबाद निवासी युवक के साथ हुई थी। युवती के परिजनों का कहना है कि उन्होंने शादी में काफी दान दहेज दिया था। इसके बाद युवती की ससुराल वाले कम दहेज की बात कहकर विवाहिता का उत्पीड़न कर रहे थे। कुछ दिन से ससुराल वाले विवाहिता पर चार लाख रुपये और बुलेट लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर बीती 24 सितंबर को आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि फांसी लगाकर हत्या का प्रयास किया। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने विवाहिता की जान बचाई। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पति मोनू कुमार, महिपाल ससुर, मुनेश देवी सास, मोनिका नंद, पद्म सिंह, कुसुम, कुलदीप, मुनेशपाल व सोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न व हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।