बबलू हत्याकांड के खुलासे की मांग को घेरी कोतवाली
सरधना। बबलू हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर मोहल्ला घोसियान के सैकड़ों लोग सोमवार को कोतवाली पहुंचे। उन्होंने सीओ से जल्द ही हत्या के खुलासे की मांग की। परिजनों ने मोहल्ले के ही एक युवक पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। सीओ संतोष कुमार ने बताया कि परिजन जिस युवक पर शक जता रहे हैं, उससे पूछताछ की जाएगी।
घोसियान मोहल्ला निवासी मनोज उर्फ बबलू पुत्र लक्ष्मण की तीन दिन पूर्व सियाबाग के मैदान में गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। बबलू का शव शनिवार की सुबह नांगल रोड पर सियाबाग के खाली मैदान में पड़ा मिला। बबलू की गला रेतकर हत्या की गई थी। मृतक के भाई ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। हत्या को तीन दिन बीत चुके है लेकिन पुलिस अभी तक हत्यारोपियों का पता नहीं लगा सकी। सोमवार को सैकड़ों की संख्या में मोहल्ले के लोग कोतवाली पहुंचे और इस दौरान इंस्पेक्टर मौजूद नहीं थे। सीओ संतोष कुमार कोतवाली पर बैठे हुए थे। मृतक के भाई विकास व अन्य लोगों ने मोहल्ले के ही एक युवक पर मनोज उर्फ बबलू मर्डर में शामिल होने का शक जताया और उससे पूछताछ करने की मांग की। सीओ संतोष कुमार ने बताया कि परिजनों को जिन-जिन पर शक है, उनसे पूछताछ की जाएगी और जल्द ही मनोज उर्फ बबलू मर्डर का खुलासा किया जाएगा। जिसके बाद मोहल्ले के लोग वापस लौटे।