बारिश से कई जगह गिरी मकान की छत, दो घायल
सरधना। नगर व देहात क्षेत्र में सोमवार को हुई बारिश में कई जगहों पर मकान गिर गए। मकान में हजारों रुपये का सामान दब गया और छुर में निर्माणधीन मकान गिरने से एक महिला दबकर घायल हो गई। जबकि दूसरी जगह पर मोहल्ला इस्लामाबाद में भी मकान गिरने से एक महिला मलबे में दब गई। घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छुर निवासी वृद्घ महिला अतरकली पत्नी स्वर्गीय मूले पंड़ित स्वतंत्रता सेनानी मकान का निर्माण करा रही हैं। सोमवार को बारिश के दौरान अचानक मकान के एक हिस्से से लिंटर के साथ दीवार गिर गई। जिसमें महिला अतरकली दब गई, लोगों ने उसे बड़ी मुश्किल से निकाला। घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर दूसरी तरफ टेहरकी में भी एक मकान गिरा, गनीमत रही की इस मकान में कोई सदस्य नहीं था। टेहरकी में चुन्नू पुत्र सुंदर का मकान गिरा, चुन्नू फिलहाल गांव से बाहर रहता है, मकान बंद था। जिस कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हो सका। मलबे में हजारों रुपये का सामान जरूर दब गया। उधर मोहल्ला इस्लामाबाद में रविवार की रात में रईस पुत्र बाबू के मकान की छत गिर गई,जिसमें रईस की पत्नी भी मलबे में दब गई जिसे लोगों ने बाहर निकाला। रईस की पत्नी को भी नगर के नर्सिंग होम में भर्ती कराया। उधर अटेरना में भी सोनी पुत्र स्वर्गीय खजानची की मकान की छत गिर गई जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
एटीएम बदलकर निकाले 82 हजार रुपये
सरधना। कुशावली निवासी महिला प्रेमलता पत्नी स्वर्गीय अनिल ने शनिवार को अपने पुत्र विकास को कुछ रुपये एटीएम से निकालकर लाने को कहा। विकास सरधना के पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पहुंचा। इस दौरान एटीएम काम नहीं कर रहा था, वहीं पर एक युवक खड़ा था उसने विकास से रुपये निकालने में कुछ मदद करने की बात कही और बातों ही बातों में उसका एटीएम बदल लिया। विकास रुपये नहीं निकलने पर वापस घर आ गया। जिसके बाद पता चला कि जो एटीएम बदला गया उससे 82 हजार रुपये निकाल लिए गए। प्रेमलता ने थाने पर मामले की शिकायत की हैं।