दौराला। सकौती में युवा छात्र किसान एकता मंच के प्रथम जयंती समारोह में रविवार को जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिंदरपाल सिंह ने कहा कि छात्र एवं युवा आगे आकर देश के विकास में भागीदार बनें। उनका उद्देश्य देशहित में हो। युवा और किसान देश का भविष्य हैं। इनकी ताकत से ही देश को पहचान मिलती है। इसलिए देश के विकास में इनकी भागीदारी होना बेहद जरूरी है।
सकौती पुलिस चौकी के समीप आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवी, बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों को प्रतीक चिह्न एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। समारोह में मनिंदरपाल सिंह ने कहा कि जिस उद्देश्य से युवाओं ने मंच का गठन किया है। उनका यह उद्देश्य बेहद सराहनीय है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि युवा देश के विकास में भागीदार बनें और देश हित के लिए हमेशा अग्रसर रहें। भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विमल शर्मा ने भी युवाओं के प्रयास की सराहना की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। समारोह में सपा नेत्री शशि राणा ने भी मंच के पदाधिकारियों का आभार जताया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनिंदरपाल सिंह का मंच के पदाधिकारियों ने प्रतीक चिह्न देकर एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया। इसके अतिरिक्त समारोह में विमल शर्मा, सईद अतर रुहासा, प्रेरणा चौधरी, भाकियू महिला विंग की जिलाध्यक्ष नेहा त्यागी, उपेंद्र प्रधान भराला को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न देकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान मंच के अध्यक्ष गौरव सोम, उपाध्यक्ष गौरव सिंह, कोषाध्यक्ष विकास कुमार, प्रवक्ता मिर्जा वजाहत बेग, सुरेश सोम, कुलदीप, राजा, सूरज, सुरेश, प्रधान दिनेश, राहत बेग, जयवीर, हैप्पी, धन्नी आदि मौजूद रहे।
मुख्य बातें
सकौती में युवा छात्र किसान एकता मंच का प्रथम जयंती समारोह आयोजित
तीस लोगों को किया सम्मानित