माछरा। ब्लॉक क्षेत्र के गांव गोविंदपुरी में खुरपका एवं मुंहपका बीमारी से कई पशु मर चुके हैं तथा कई चपेट में हैं। पशुपालकों ने इसकी रोकथाम की मांग की है।
ब्लॉक माछरा के गांव गोविंदपुरी के संजय शर्मा, सुभाष सिंह, राकेश कुमार, वेदप्रकाश शर्मा, अरुण पंडित आदि पशुपालकों ने बताया कि गांव के पशुओं में खुरपका-मुंहपका बीमारी फैल रही है। इससे पैरों में गलन एवं सूजन आ जाती है। जिससे पशु खड़ा नहीं हो पाता है। वह चारा भी नहीं खा पाता है। इसके चलते कई मवेशियों की मौत हो चुकी है। पशु का बीमारी के चलते दूध भी सूख जाता है। कई बार माछरा के पशु चिकित्सालय में खुरपका-मुंहपका से बचाव की जानकारी दी गई। इसके बावजूद पशु शिकार हो रहे हैं। उनकी मौत से पशुपालक संकट में घिर गए हैं। गांव में 100 से अधिक पशु इस समय खुरपका और मुंहपका बीमारी से ग्रस्त हैं।
उधर, माछरा पशु अस्पताल अंतर्गत गोविंदपुरी, रहदरा एवं शाहजहांपुर गांव आते हैं। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुबोध ने बताया कि मवेशियों में टीकाकरण किया जा रहा है। सभी पशुपालक टीकाकरण कराएं। सोमवार को टीम गांव गोविंदपुरी में जाकर इलाज करेगी।