सरधना। कस्बे के आदर्शनगर स्थित श्री चन्द्रप्रभू स्वामी जिनालय में बृहस्पतिवार से पयूषर्ण महापर्व का शुभारंभ हो गया। मंदिर में सर्वप्रथम परमात्मा की प्रक्षाल हुई तत्पश्चात ज्योत्स्ना बेन, नवीन भाई वोरा पालीताणा भावनगर परिवार की ओर से अष्टप्रकारी पूजन हुआ। तत्पश्चात प्रभु की आरती का लाभ आर्ची जैन, मंगल दीपक का लाभ नरेंद्र जैन, शांति कलश का लाभ ऋतु जैन को मिला। संघ के संरक्षक सतेंद्र जैन ने मंगल दीपक की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रभु का मंगल दीपक करने वालों के परिवार में और जीवन में सदैव सुख शांति बनी रहती है। संघ के प्रधान आलोक जैन ने बताया कि परमात्मा श्री चंद्रप्रभु स्वामी जी की अतिशयकारी प्रतिमा 2200 वर्ष प्राचीन है। यह परम पूज्य आचार्य भगवंत श्री चंद्रसेन शूरीश्वर जी के शिष्य रत्न परम पूजनीय हर्षिल सेन विजय मुनि महासेन विजय के प्रयासों द्वारा सरधना श्री संघ को प्राप्त हुई। कार्यक्रम में प्रेमचंद जैन, रमेश चंद जैन, सलेक चंद, सचिन जैन, विशाल जैन, रोहित जैन व सम्पूर्ण महिला मंडल उपस्थित रहा।