मवाना/सरधना। रविवार सुबह से रुक रुककर हुई बारिश से लोगों को गर्मी से निजात मिल गई, लेकिन मुख्य मार्ग समेत कई मोहल्लों में जलभराव होने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बीते कई दिन से पड़ रही गर्मी और उमस से लोगों का जीना दुश्वार हो गया था। रविवार सुबह रुक रुककर कई बार हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से निजात दिला दी है। वहीं,ं किसानों के चेहरे भी खिला दिए हैं। इस समय खेतों में खड़ी चारे और ईख की फसल के लिए बारिश बहुत अधिक लाभकारी साबित होगी। बारिश से नगर में हस्तिनापुर-मेरठ रोड समेत चौहान चौक, गुरुद्वारा के समीप, वीरनगर तथा हीरालाल मोहल्ला समेत कई बस्तियों में जलभराव हो जाने पर परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुख्य मार्ग पर जलभराव के चलते दुपहिया तथा कार आदि के चालकों को काफी दिक्कतें हुई। वहीं, चौहान चौक पर शाम तक जलभराव रहने से लोगों को घरों में कैद होने के लिए विवश होना पड़ा। चौहान चौक के लोगों को नालों को बंद कराकर उनमें पाइप डाले जाने के बाद से जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इन पाइप को डाले हुए दो साल से अधिक का समय हो गया है, लेकिन पालिका इनकी सफाई की व्यवस्था नहीं कर सकी है। इस संबंध में नगर पालिका चेयरमैन अय्यूब कालिया का कहना है कि वे मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद ही चौहान चौक नाले को बोर्ड में प्रस्ताव पारित कराकर पुन: ओपन कराया जाएगा। इसके बाद ही चौहान चौक और तेलियों वाले कुएं के निवासियों को जलभराव से निजात मिल सकेगी।
वहीं, सरधना नगर में गुजरान गेट से अशोक स्तंभ तक लगने वाली रविवार की साप्ताहिक पैठ बारिश और जलभराव के चलते नहीं लग सकी। सुबह से ही बारिश शुरू हो गई। इस कारण पैठ में कम दुकानदार पहुंचे, लेकिन दोपहर में झमाझम बारिश शुरू हुई तो उन्होंने भी पैठ से दुकान समेट लीं और लौट गए। बारिश की वजह से गुजरान गेट से लेकर अशोक स्तंभ पुलिस चौकी तक सड़क पर जलभराव हो गया। इस दौरान मार्ग से होकर गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, बारिश की वजह से दुकानदार कम पहुंचे तथा देहात से भी लोग पैठ में कम ही आए। इस दौरान नगर में दिनभर रुक-रुकर बारिश एवं बूंदाबांदी होती रही।
मुख्य बार्तें
ईख एवं चारे की फसलों को बारिश से होगा फायदा
सरधना और मवाना में जलभराव से लोगों को परेशानी बढ़ी