परीक्षितगढ़। ग्राम खजूरी मोड़ के समीप बस में सवार कक्षा नौ का छात्र पैर फिसल जाने से नीचे गिर गया। उसकी गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। इस पर चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। परिजनों ने कार्रवाई किए बिना गांव के श्मशान में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।
ग्राम सोना निवासी 14 वर्षीय अतुल पुत्र शिवकुमार नगर के केवी पब्लिक स्कूल में 9वीं का छात्र था। वह शनिवार सुबह करीब आठ बजे प्राइवेट बस से स्कूल जा रहा था। अतुल बस की खिड़की के समीप खड़ा था। बस परीक्षितगढ़-मेरठ मार्ग स्थित खजूरी मोड़ के समीप पहुंची। इसी दौरान अतुल का अचानक पैर फिसल गया और वह सड़क पर जा गिरा। जिससे उसे गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। अतुल की मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन सैकड़ों ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजन कानूनी कार्रवाई किए बिना शव ले गए। दोपहर बाद मृतक छात्र अतुल का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। अतुल दो भाइयों में छोटा था। उसकी मां योगेश देवी, पिता शिवकुमार एवं भाई अंशुल का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि अतुल होनहार छात्र था। वह मृदुभाषी एवं मिलनसार था। अतुल की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में चूल्हे तक नहीं जले।
मुख्य बातें
छात्र अतुल बस में निजी बस में सवार होकर स्कूल जा रहा था
ग्राम खजूरी मोड़ के समीप हुआ हादसा, छात्र की मौके पर ही मौत
गुरुकुल में बच्चों को सम्मानित किया
मवाना। भारत विकास परिषद् मवाना विराट एवं भारत विकास परिषद् संस्कार शाखा द्वारा आयोजित संस्कृति सप्ताह के पांचवें दिन शनिवार को नारंगपुर गुरुकुल में 75 बच्चों को भोजन कराया। वहीं, दो शिक्षिकाओं एवं कक्षा छह से 12 तक के टॉपर बच्चों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अनुराग दुबलिश, नीता दुबलिश, अरविंद रस्तोगी, दीपक गुप्ता, कुसुम रस्तोगी, मीनू रस्तोगी, शिवानी दुबलिश आदि का सहयोग रहा।