खरखौदा। पुलिस ने शुक्रवार को कालाबाजारी की जानकारी पाकर कौल रोड से अनाज से लदी टाटा 407 पकड़ ली तथा थाना ले आई। जहां पुलिस ने एसडीएम को सूचना दी। इस पर आपूर्ति विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची। यहां देर शाम जांच चल रही थी।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सूचना मिली कि खरखौदा स्थित गल्ले के मुख्य केंद्र से गांव आड़ के लिए कालाबाजारी की खातिर टाटा 407 में सरकारी सस्ते गल्ले का अनाज ले जाया जा रहा है। पुलिस ने कौल रोड पर उक्त गाड़ी को पकड़ लिया और थाने ले आई। गाड़ी चालक पुलिस को कागज नहीं दिखा पाया। पुलिस ने एसडीएम को मामले की जानकारी दी। इस पर एसडीएम के आदेश के बाद आपूर्ति निरिक्षक टीम के साथ थाने पहुंचे। टीम के साथ गोदाम इंचार्ज नीतू गोला भी थाने पहुंचीं। वहां टीम ने पहले गोदाम की जांच की। जिसमें सभी अभिलेख पूर्ण मिले। थाने पहुंची गोदाम इंचार्ज नीतू गोला ने बताया कि उक्त अनाज आड़ की दुकान का था। जिसमें 102.92 कुंतल गेहूं, 69.13 कुंतल चावल, करीब 100 कुंतल नमक था। सभी बोरे पर सरकारी कोड नंबर भी अंकित मिला। आपूर्ति विभाग की टीम गांव आड़ पहुंची। देर शाम तक दुकान के स्टाक की जांच चल रही थी।
मुख्य गोदाम और गाड़ी में लदे अनाज तथा दुकान के स्टाक की जांच की जा रही है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। -देवेंद्र सिंह, आपूर्ति निरीक्षक