मवाना। नगर के मोहल्ला हीरालाल निवासी एक युवक की सऊदी अरब में डीजल के टैंकर में विस्फोट हो जाने से मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव लाने के लिए दिल्ली स्थित सऊदी दूतावास में संपर्क साधा है।
नगर के मोहल्ला हीरालाल निवासी नवाब चार वर्ष पूर्व रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गया था। उसके छोटे भाई अब्बास ने बताया कि वहां नवाब को वेल्डिंग का कार्य मिला। रविवार को भारतीय समय के अनुसार लगभग करीब साढ़े पांच बजे वेल्डिंग करते समय डीजल के टैंकर में गैस बन गई। जिससे डीजल से भरे टैंकर में विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आकर नवाब गंभीर रूप से झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। नवाब ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी मौत की जानकारी पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। वे आनन-फानन में दिल्ली पहुंचे और सऊदी अरब दूतावास में युवक का शव लाने के लिए संपर्क साधा। सोमवार को मृतक के परिजनों को सांत्वना देने के लिए घर पर लोगों का तांता लगा रहा।