हस्तिनापुर। नगर पंचायत द्वारा थाने के समीप मुख्य मार्ग पर शौचालय बनाए जाने के लिए नींव खोदी जा रही है। इसके विरोध में सोमवार को किराना व्यापारी विजय बत्रा नींव में लेट गया। उसके समेत अन्य व्यापारियों ने विरोध जताते हुए शौचालय अन्यत्र बनाए जाने की मांग की।
थाने के समीप मुख्य मार्ग पर नगर पंचायत द्वारा पांच महिला शौचालयों का निर्माण होना प्रस्तावित है। जिसके लिए सोमवार शाम शौचालय का निर्माण कर रहे ठेकेदार जेसीबी लेकर शौचालयों की नींव खुदवाने लगा। जिसे देख व्यापारी एकत्र हो गए और विजय बत्रा नामक किराना व्यापारी जेसीबी के सामने खोदी गई नींव में लेट गया। ठेकेदार द्वारा जेसीबी बंद करा दी गई। व्यापारी गड्ढ़े से नहीं निकला। करीब आधे घंटे तक वह नींव में लेटा रहा। उसका कहना है कि उनकी दुकानों पर पहले ही ग्राहक कम आते हैं। दुकानों के सामने शौचालय बन जाने से दुकानें दिखाई देनी बंद हो जाएंगी। उनका कहना है कि इससे पूर्व बने शौचालयों में भी सफाई के अभाव के कारण दुर्गंध आती रहती है। जिससे लोगों को परेशानी होती है। काफी देर बाद व्यापार संघ के अध्यक्ष गोपाल कुकरेजा, भाजपा नेता सोमनाथ पपनेजा, बालमुकुंद बत्रा वहां पहुंचे और शौचालय अन्यत्र बनाए जाने का आश्वासन दिया। इस व्यापारी नींव से बाहर निकला। व्यापारियों का विरोध देख जेसीबी वहां से चली गई। वहां के अन्य व्यापारी भी शौचालय का विरोध कर रहे हैं।