मोदीपुरम (मेरठ)। मोदीपुरम बाईपास स्थित अंसल टाउन कॉलोनी में रविवार रात निर्माणाधीन बिल्डिंग में फिटिंग करने जा रहे पांच युवकों की लोहे की सीढ़ी एचटी लाइन से छू गई। सीढ़ी में करंट दौड़ने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चारों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर जमा लोगों ने हंगामा कर काफी देर तक शव को नहीं उठने दिया। पुलिस ने किसी तरह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार गांव गणेशपुर मेहरमति सरधना निवासी दीपक कुमार इलेक्ट्रिशियन है। रविवार देर रात दीपक कुमार रुड़की रोड स्थित अंसल टाउन कॉलोनी में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में फिटिंग का कार्य करने के लिए गया था। उसके साथ उसका भाई सोनू (25 वर्ष), पाबली निवासी दूसरा इलेक्ट्रिशियन दीपक, कंकरखेडा निवासी राजवीर और अंसल टाउन निवासी जितेंद्र थे। सभी पांचों युवक लोहे की सीढ़ी लेकर निर्माणाधीन बिल्डिंग में फिटिंग का कार्य करने के लिए जा रहे थे।
बताया गया है कि जब पांचों युवक बिल्डिंग के पास पहुंचे तो लोहे की सीढ़ी हाईटेंशन लाईन से टच हो गई। पांचों ही युवक लोहे की सीढ़ी पकड़े थे। सीढ़ी में करंट दौड़ते ही पांचों को जोरदार झटका लगा। इस हादसे में सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाकी चार युवक गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद कॉलोनी के लोग मौके पर जमा हो गए। झुलसे युवकों को मोदीपुरम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिल्डर के खिलाफ किया हंगामा
सूचना पर पहुंची पल्लवपुरम थाना पुलिस ने सोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया। लेकिन कॉलोनी के लोगों ने शव को नहीं उठाने दिया और बिल्डर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। बाद में मौके पर पहुंचे सीओ दौराला पंकज कुमार सिंह ने कॉलोनी के लोगों को किसी तरह समझाबुझाकर शांत किया और शव पीएम के लिए भेजा।
दोनों ही अविवाहित
हादसे की सूचना पर पहुंचे मृतक सोनू के भाई अरविंद कुमार ने बताया कि सोनू और दीपक दोनो सगे भाई हैं और दोनों ही अविवाहित हैं। अरविंद का कहना है कि इस मामले में वे कॉलोनी के बिल्डर के खिलाफ तहरीर देंगे।
खास बातें:
मोदीपुरम बाईपास स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग में जा रहे थे फिटिंग करने
लोहे की सीढ़ी एचटी लाइन से छूने पर दौड़ा करंट, जमकर हंगामा