मोदीपुरम/कंकरखेड़ा। दो दिन से रुक रुककर हो रही बारिश ने बुरा हाल कर दिया है। मोदीपुरम और कंकरखेड़ा के कई इलाके जलमग्न हो गए तो थानों में भी पानी भर गया।
शुक्रवार को दिन भर बारिश के कारण सड़कों पर हाल बेहाल रहा। रुड़की रोड पर जलभराव के बीच पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा था। पल्लवपुरम फेज दो की निचली कॉलोनी के अलावा पल्लवपुरम थाने में अंदर तक पानी भरा था। जिससे थाने का कामकाज प्रभावित रहा। इसके अलावा पल्लवपुरम फेज दो की डबल स्टोरी में पानी घरों में घुस गया। कालोनी निवासी कमर जहां, शब्बो, सरिता आदि ने बताया कि यहां पर नालियां अटी पड़ी हैं। निकासी का कोई इंतजाम नहीं है। इसके अलावा पल्लव टावर्स, चौहान मार्केट आदि में गैस की पाइप लाइन डालने के लिए खोदे गए गड्ढों में वाहन फंसते रहे और लोग चोटिल होते रहे। पानी इतना भरा था कि सड़कों और गड्ढों का पता नहीं चल रहा था।
वहीं कंकरखेड़ा में रोहटा रोड का हाल सबसे खराब रहा। एक तो पहले ही सड़क की जर्जर हालत व जल निकासी के लिए अधर में अटके पड़े नाला निर्माण की वजह से जलभराव रहता ही था। ऊपर से लगातार हो रही बारिश से सड़क पर इस कदर जलभराव हुआ कि मानो वह सड़क नहीं बल्कि कोई तालाब है। लोगों को आवागमन में काफी समस्याओं को सामना करना पड़ा। वहीं, आंबेडकर रोड स्थित शिवलोक पुरी, मॉडल टाउन, सतीश चौक, गोविंदपुरी, मार्शल पिच, डिस्टलरी रोड, कासमपुर व शाक्यपुरी की गलियों में जलभराव हो गया। घरों में पानी घुसने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कंकरखेड़ा थाना हुआ ठप
कंकरखेड़ा थाने में जलभराव से कामकाज ठप होकर रह गया। थाने के आगंतुक कक्ष, आईटी रूम, हवालात, प्रभारी निरीक्षक कार्यालय, थाना कार्यालय और परिसर में तीन-चार फीट पानी भर गया। फरियादियों को भी मायूस होकर लौटना पड़ा। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा भी जीप लेकर थाने पहुंचे तो जलभराव देखकर वापिस लौट गए।
सरकारी स्कूलों में भारी अव्यवस्था
क्षेत्र के सरकारी स्कूलों का हाल भी बेहाल है। दांतल-जिटौली, दायमपुर, डाबका, लाला मोहम्मदपुर, कासमपुर, जेवरी, बटजेवरा, खड़ौली, पठानपुरा, शोभापुर, जवाहर नगर, फाजलपुर, अनूपनगर आदि सहित पूरे क्षेत्र के प्राइमरी व हायर सेकेंडरी स्कूलों में जलभराव होने से अधिकांश स्कूलों में न तो बच्चे पहुंचे और न शिक्षक।
मकान गिरा, परिवार बचा
कंकरखेड़ा। भारी बरसात के चलते जेवरी गांव में दोपहर को प्रमोद कुमार पुत्र ताराचंद का मकान गिर गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के दौरान बच्चे स्कूल गए हुए थे जबकि परिवार के लोग घर के बाहर खड़े थे। इस दौरान घर के अंदर कोई नहीं था। मकान गिरते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।