मवाना। ढिकौली गांव में चल रही सरोज का रिश्ता की शूटिंग बुधवार को बारिश के कारण नहीं हो सकी। हालांकि 28 जुलाई को सरोज की होने वाली शादी को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है।
ढिकौली गांव में चल रही बॉलीवुड फिल्म सरोज का रिश्ता में सना कपूर मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभा रही है। बुधवार को पूरे दिन बारिश होने के कारण शूटिंग रद्द करनी पड़ी। डायरेक्टर अभिषेक सक्सेना ने बताया कि बुधवार को बारिश के कारण शूटिंग नहीं हो सकी। कलाकारों ने पूरे दिन आराम किया और आगे की कहानी एवं डॉयलाग याद किए। बताया कि 28 जुलाई को सरोज की शादी की शूटिंग होनी है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सरोज को दुल्हन के रूप में देखने के लिए ग्रामीणों में काफी उत्सुकता है। देखना यह है कि सरोज की शादी का दृश्य ढिकौली में फिल्माया जाएगा या फिर कहीं ओर कैमरे में कैद होगा। फिलहाल डायरेक्टर इस बारे में अभी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।