सरधना(मेरठ)। चौधरी चरणसिंह कांवड़ मार्ग पर ग्राम भलसोना गंगनहर पुल के समीप बुधवार सुबह बाइक और कार की भिड़ंत हो गई। इससे बेकाबू कार सुरक्षा दीवार तोड़कर गंगनहर में जा गिरी। वहीं, बाइक के परखचे उड़ गए। बाइक सवार महिला उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी। युवक एवं उसकी बेटी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। भलसोना के ग्रामीणों और राहगीरों ने घायलों को सीएचसी भेजा। उधर, कार के शीशे तोड़कर मालिक एवं चालक को बमुश्किल बाहर निकाला। वहीं, घायल बाइक सवार युवकक की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
मुजफ्फरनगर पटेलनगर की सुजडू गुड़ मंडी निवासी व्यापारी मनोज पुत्र हरिशंकर के बच्चे गाजियाबाद में रहते हैं। मनोज बुधवार सुबह चालक गांधीनगर निवासी राजेश पुत्र कलीराम के साथ कार में सवार होकर गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग से गाजियाबाद जा रहे थे। वे सुबह करीब दस बजे भलसोना गंगनहर पुल के समीप पहुंचे। वहीं, बाइक सवार फिरोज (30) पुत्र इलियास निवासी मुस्तफाबाद शाहदरा सात वर्षीय बेटी सना एवं पत्नी रिहाना के साथ बहनोई की मौत बाद मुजफ्फरनगर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक के परखचे उड़ गए। फिरोज एवं उसकी बेटी सड़क पर जा गिरे। वहीं, पत्नी रिहाना कई फिट ऊपर उछल कर झाड़ियों में जा गिरी। जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं, कार ईंटों की सुरक्षा दीवार तोड़कर करीब पंद्रह फिट गहरी गंगनहर में जा गिरी। इस पर राहगीरों ने उसे डूबते देखा तो शोर मचाया। इस पर मुरादनगर निवासी अलीहसन व अन्य ग्रामीणों ने गंगनहर में कूदकर कार की खिड़की के शीशे तोड़े और व्यापारी मनोज एवं चालक राजेश को बेहोेशी की हालत में बाहर निकाला। हालांकि उन्हें कुछ समय बाद होश आ गया। उधर, राहगीरों ने निजी वाहनों से बाइक सवार तीनों घायलों को सीएचसी भिजवाया। हालांकि पुलिस सूचना देने के घंटों बाद मौके पर पहुंची। इस पर वहां मौजूद लोगों ने ऐतराज जताया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक कार को नहर से बाहर नहीं निकाला जा सका था। वहीं, घायल फिरोज, पत्नी रिहाना व बेटी सना को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उसे तीनों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहां पर फिरोज की मौत हो गई। इस मामले में बाइक चालक के परिजनों एवं कार चालक ने एक-दूसरे के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की तहरीर दी। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोबाइल मैकेनिक था फिरोज
शाहदरा के मुस्तफाबाद निवासी फिरोज मोबाइल रिपेयरिंग करता था। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। वे सभी संयुक्त रूप से रहते हैं। फिरोज के मुजफ्फरनगर निवासी बहनोई शाहनवाज की मंगलवार को मौत हो गई थी। इसलिए वह परिवार के बाइक पर सवार होकर वहां जा रहा था। उसकी पत्नी रिहाना की हालत भी गंभीर बताई गई है। फिरोज के भाई ने जफरूद्दीन, जुल्फिकार हादसे की जानकारी पाकर सरधना पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई।
हेलमेट नहीं लगाया था
शाहदरा निवासी बाइक सवार फिरोज ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। जिसके चलते उसको गंभीर चोट लगी। यदि हेलमेट लगाया होता तो शायद जान बच सकती थी।
वर्जन
पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।-विकास चौहान, एसआई कोतवाली सरधना
मुख्य बातें
मुजफ्फरनगर के गुड़ व्यापारी की कार एवं शाहदरा के मोबाइल के मैकेनिक की बाइक की गंगनहर पर ग्राम भलसोना के सामने हुई दुर्घटना
बाइक सवार युवक ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ा, पत्नी एवं बेटी गंभीर
बेकाबू बाइक फिसलने से चाचा-भतीजा घायल
सरधना। चौधरी चरणसिंह कांवड़ मार्ग पर बुुधवार शाम करीब साढे़ छह बजे एक बाइक बेकाबू होकर फिसल गई। जिससे बाइक चालक एवं उसके पीछे बैठा युवक घायल हो गए। सीएचसी में एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
मोहल्ला कमरानवाबान निवासी अनीस पुत्र इस्लाम व उसका भतीजा शाहिद पुत्र रहीसुद्दीन बाइक पर सवार होकर बुधवार सुबह दिल्ली गये थे। वे शाम को कांवड़ मार्ग से होते हुए सरधना लौट रहे थे। भलसोना गंगनहर पुल से कुछ दूर नानू की तरफ चले तो सड़क पर अचानक बाइक फिसल गई। जिससे सड़क पर गिरकर दोनों घायल हो गए। बाइक चला रहे शाहिद की हालत गंभीर बताई है। शाहिद हेलमेट नहीं लगाए हुए था। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया। सीएचसी में शाहिद की हालत गंभीर होती देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।