मोदीपुरम (मेरठ)। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 13 सितंबर को दीक्षांत समारोह होगा। राजभवन से इसकी हरी झंडी मिलते ही विवि प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शीघ्र ही कमेटी का गठन किया जाएगा। मुख्य अतिथि का नाम फाइनल कर राजभवन भेजा जाएगा।
कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में पिछले वर्ष 31 अक्तूबर को दसवां दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया था। इस बार राजभवन ने समय से पहले ही दीक्षांत समारोह करने के लिए स्वीकृति दे दी है। विवि प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार बीटेक, बीएसससी ऐजी, पीएचडी, एमएससी, एम टेक के छात्र छात्राओं को मिलने वाली डिग्री और मेडल के लिए भी काम शुरू हो गया है। इस बार दीक्षांत समारोह में होने वाले संबोधन में भी बदलाव किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति मेडल समेत सात छात्र छात्राओं को गोल्ड, सिल्वर और ब्रांज मेडल दिए जाएंगे। इसके अलावा करीब 250 के आसपास डिग्री दी जाएंगी। डिग्री की संख्या को कम और बढ़ाया भी जा सकता है। दीक्षांत समारोह विवि परिसर में स्थित गांधी भवन में आयोजित किया जाएगा। विवि में सड़कों, बिल्डिंग को संवारने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा मुख्य अतिथि के नाम पर भी मंथन चल रहा है, आईसीएआर से किसी बड़े वैज्ञानिक या फिर अधिकारी मुख्य अतिथि हो सकता है। इसके लिए विवि प्रशासन तीन नाम भेजेगा। इनमें से एक नाम राजभवन तय करेगा।
भव्य होगा समारोह
राजभवन से दीक्षांत समारोह के लिए हरी झंडी मिलते ही तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य अतिथि के नामों को जल्द ही अंतिम रूप देकर राजभवन भेज दिया जाएगा। समारोह भव्य रुप से होगा। सभी तैयारियां समय से पहले ही पूर्ण कर ली जाएंगी। -डॉ. गया प्रसाद, कुलपति कृषि विवि
समय से पूरे होंगे काम
दीक्षांत समारोह में डिग्री और मेडल के लिए चयनित छात्र छात्राओं को एकेडमिक काउंसिल से स्वीकृत कराकर दिए जाएंगे। कमेटी सभी कार्य समय से पूर्ण कर लेगी। -डॉ. बीआर सिंह, रजिस्ट्रार कृषि विवि