सरूरपुर। कस्बा खिवाई में रालोद ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोल, पोल खोल अभियान अंतर्गत रविवार को बैठक का आयोजन किया। इसमें बिजली दरों में वृद्धि के साथ अन्य कई मुद्दों पर भाजपा सरकार की नीति को ग्रामीणों के सामने रखा। बैठक में ग्रामीणों से 28 जुलाई को कमिश्नरी पर धरने को सफल बनाने का आह्वान किया।
कस्बा खिवाई स्थित चौपाल पर रविवार को रालोद कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय लोकदल प्रदेश प्रवक्ता सुनील रोहटा ने कहा कि भाजपा की सरकार में गरीब मजदूर, किसान व नवयुवक परेशान हैं। इसीलिए रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी के नेतृत्व में हल्ला बोल, पोल खोल अभियान शुरू किया है। सरकार ने बिजली दर को बढ़ाकर किसान, गरीब, मजदूर पर अतिरिक्त मार डाल दी है। जिससे आम जनता उबर नहीं पा रही है। सरकार लोगों की आय बढ़ाने के बजाय लगातार बोझ डाल रही है। सरकार फ्री में दिए कनेक्शनों पर भी हजारों रुपये के बिल भेजकर वसूली का काम कर रही है। उधर, बिजली बिल जमा नहीं होने पर लोगों को जेल भेजने की बात कर रही है। ऐसे में आम जनता का शोषण हो रहा है। अगर हमें समय रहते समझ नहीं आया तो हमें एक दिन बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा। रालोद मंडल अध्यक्ष यशवीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार आम जनता को गुमराह कर रही है। साथ ही लोगों को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का काम कर रही है। युवा रोजगार के लिए चिल्ला रहा है और असामाजिक तत्व फूट डालने में लगे हैं। बैठक में 28 जुलाई को कमिश्नरी पर जयंत चौधरी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन में किसानों की एकजुट होने पर जोर दिया। उधर, कस्बे के किसानों ने भी रालोद का मजबूती से साथ देने का भरोसा दिया। वहीं, बैठक के दौरान 28 जुलाई को मेरठ कमिश्नरी पर रालोद के हल्ला बोल-पोल खोल कार्यक्रम में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई। बैठक में जमील प्रधान, हसमत प्रधान, मारूफ चौहान, गफ्फार चौहान, तसलीम चैयरमैन, नौशाद चौहान, रोशन सभासद आदि मौजूद रहे।
मुख्य बातें
रालोद की खिवाई कस्बे में आयोजित बैठक में प्रदेश प्रवक्ता ने जड़े आरोप
कमिश्नरी पर 28 जुलाई को प्रस्तावित धरने को सफल बनाने के लिए जनसपंर्क