मवाना। मोहल्ला मुन्नालाल में नाले के ऊपर लगाए जा रहे विद्युत ट्रांसफार्मर का दो परिवार के सदस्यों द्वारा विरोध करते हुए हंगामा किया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस दोनों परिवार के पुरुष सदस्यों को थाने ले आई। समाचार लिखे जाने तक ट्रांसफार्मर लगाए जाने का कार्य रुका हुआ था।
मोहल्ला मुन्नालाल में विद्युत निगम द्वारा बिजली का ट्रांसफार्मर लगाए जाने का कार्य रविवार सुबह शुरू हुआ। इसी दौरान कुलदीप, कालू और निजामुद्दीन ने ट्रांसफार्मर लगाए जाने का विरोध शुरू करके हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि उनके मकान के सामने ट्रांसफार्मर नहीं लगना चाहिए। बरसात में करंट आ सकता है। वहीं, मौके पर उपस्थित सीओ शिवम गुप्ता का कहना था कि ट्रांसफार्मर नाले के ऊपर सरकारी भूमि पर लगाया जा रहा है। हंगामा नहीं रुकता देख उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस हंगामा करने वालों में से दो लोगों को थाने ले आई। इंस्पेक्टर देवेश शर्मा ने बताया कि विद्युत अधिकारियों और विरोध करने वालों में वार्ता होगी। इसके बाद ही ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इसके बाद उक्त दोनों लोगों को छोड़ दिया है।
धरने की सफलता के लिए जनसंपर्क किया
मवाना। भाकियू द्वारा सोमवार को किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान एवं राशन कार्ड बनवाने की मांग को लेकर तहसील गेट पर प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के लिए जिलाध्यक्ष नरेश चौधरी ने आसपास के गांवों में जनसंपर्क किया। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सफल बनाने का आह्वान किया।
लापता बच्चा मिला
मवाना। माता-पिता से बिछड़े तीन वर्षीय बच्चे को एक दुकानदार ने रविवार को पुलिस के सुपुर्द किया है। बच्चा अपना नाम चिंटू बता रहा है। इंस्पेक्टर क्राइम देवेश शर्मा ने बताया कि बाद में बच्चे के परिजन थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे चिकित्सक को दिखाने आए थे। बच्चा खेलते हुए अचानक लापता हो गया। वे इसकी जानकारी करने थाने पहुंचे। जांच के बाद बच्चे को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।