खबर का असर लोगो लगाएं
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना/बहसूमा। एसडीएम ने ग्राम तजपुरा में कागजों में हुए विकास कार्यों की जांच करने का बुधवार को बीडीओ को आदेश दिया। दरअसल तजपुरा में विकास कार्य कराए जाने के तमाम दावे किए गए, लेकिन हकीकत कुछ ओर ही है। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर एसडीएम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
ग्रामीण संतरपाल एवं गौरव ने बताया कि उनका गांव तजपुरा आज भी विकास से अछूता है। गांव की सड़कों पर जगह-जगह जलभराव एवं कीचड़ है। नालियों पर लगे लोहे के चेनर भी टूटे पड़े हैं। तालाबों की सफाई नहीं होने से गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। वहीं, ग्राम प्रधान विकास कार्य कराने के दावे कर रहे हैं। इस मामले में अमर उजाला ने तजपुरा गांव की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। ग्रामीण संतरपाल एवं गौरव ने समस्याओं को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ हस्तिनापुर को जांच सौंपी और ग्राम प्रधान द्वारा कराए विकास कार्यों की जांच करने एवं रिपोर्ट बनाकर जल्द देने के निर्देश दिए। एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिली थी कि विकास कार्य के दावे किए गए हैं, लेकिन हकीकत कुछ ओर ही है। इसकी जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है।
मुख्य बातें
ग्रामीणों ने सड़कों पर जलभराव और कीचड़ की शिकायत की
बीडीओ हस्तिनापुर जांच के बाद रिपोर्ट एसडीएम को सौंपेंगे