राशन की कालाबाजारी करते पकड़ा।
मवाना। ततीना गांव स्थित राशन की दुकान से कालाबाजारी किया जा रहा राशन पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर पकड़ लिया। पुलिस ट्रैक्टर ट्राली में भरे राशन को थाने ले आई। प्रधान पति ने ग्रामीणों के साथ मिलकर थाने पर तहरीर दी है।
प्रधान पति संजय सिंह ने बताया कि गांव में कुंवरपाल को राशन की दुकान आवंटित है। उनके गांव में हर माह लगभग 88 क्विंटल राशन ग्रामीणों के लिए आता है। आरोप है कि राशन डीलर ने पिछले माह का राशन ग्रामीणों को आवंटित नहीं किया। राशन डीलर ने मेडिकल लगाकर पास के ही गांव अटौरा स्थित राशन की दुकान से गांव की एजेंसी को लगा दिया। रविवार सुबह राशन डीलर एक ट्रैक्टर ट्राली में गेहूं व चावल भरकर चुपचाप भेज रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही प्रधान पति संजय व ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, जिस पर डीलर ने उनके साथ अभद्रता की। इसी बीच ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पीआरवी को दे दी। मौके पर पहुंची पीआरवी ने ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया और थाने ले आई। संजय ने डीलर पर राशन की कालाबाजारी करने, अभद्रता करने व धमकी देने का आरोप लगाते हुए मामले की तहरीर दी है। संजय ने बताया कि उसने मामले से एसडीएम मवाना को भी अवगत कराया है। इंस्पेक्टर क्राइम देवेश शर्मा का कहना है कि सोमवार को एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव के सामने राशन डीलर को बुलाकर रजिस्टर चेक कराएं जाएंगे। यदि राशन पिछले माह का निकला तो कार्रवाई होगी।