माछरा। ब्लॉक क्षेत्र के शहजादपुर गांव में पानी की निकासी को लेकर कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग पर ब्लॉक प्रमुख पति ने बीडीओ के माध्यम से जिलाधिकारी एवं सिंचाई विभाग से समस्या के समाधान का आग्रह किया है।
विकास खंड माछरा से 20 किलोमीटर दूर बसे शहजादपुर गांव के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से गांव में सफाई एवं नालियों के पानी की निकासी नहीं होने से परेशान हैं। बीडीओ माछरा के माध्यम से डीएम तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अवगत कराते हुए ब्लॉक प्रमुख पति ब्रजवीर ने बताया कि गांव में तालाब नहीं है। जिसके चलते गांव के पानी की निकासी बाहरी छोर पर होती है। जिससे विभिन्न ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण श्रीपाल, मनोज, अजय आदि ने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से सरकारी विभागों के चक्कर काट रहे हैं। उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। ब्लॉक प्रमुख से शिकायत के बाद हरकत में आए विकास विभाग के कर्मचारियों और एडीओ पंचायत अमित कुमार ने गांव में भरे गंदे पानी की निकासी के लिए मुआयना किया। इसकी रिपोर्ट तत्काल तैयार कर आलाधिकारियो को भेजेंगे।