मोदीपुरम। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के वेटनरी कॉलेज को फिर मान्यता की तलाश है। हर साल दाखिले के समय मान्यता की प्रक्रिया तेज होती है, लेकिन समय गुजरते ही विवि प्रशासन मौन हो जाता है। पिछले सात साल में वेटनरी काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम दस बार कॉलेज का निरीक्षण कर चुकी है, लेकिन हर बार मानक पूरे न होने पर मान्यता की फाइल अटक जाती है। अब 15-20 जुलाई के बीच वीसीआई की टीम निरीक्षण करने आ रही है। मान्यता मिली तभी नये सत्र में दाखिले होंगे।
पिछले सात साल में वेटनरी काउंसिल ऑफ इंडिया ने प्रथम बार वर्ष 2011 में सशर्त मान्यता दी थी। जिसमें प्रथम बैच के एडमिशन हुए थे, लेकिन उन्हें डिग्री लेने के लिए फैजाबाद स्थित कृषि विवि के वेटनरी कॉलेज में जाना पड़ा था। इसके बाद तत्कालीन केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने 2014 में सशर्त मान्यता दिलाई थी। इस बीच नियुक्ति से लेकर अन्य मानकों को पूरा नहीं किया गया तो फिर से मामला लटक गया था।
कॉलेज का हाल
वर्तमान में फैकल्टी जरूरत
प्रोफेसर 10 17
एसोसिएट प्रोफेसर 12 25
असिस्टेंट प्रोफेसर 29 45
ये है वीसीआई की फैकल्टी के मानक
वेटनरी कॉलेज में मानक के अनुसार कम से कम 76 शिक्षक होने चाहिए, लेकिन कॉलेज में अभी भी 51 शिक्षक ही हैं। मानकों की कमी के चलते हर बार वीसीआई मान्यता देने से इंकार कर देती है।
ऐसे मानक पूरे कर रहा है विवि प्रशासन
वेटनरी कॉलेज के डीन डॉ. राजबीर सिंह के अनुसार 51 शिक्षकों के साथ 4 शिक्षक रिटायर्ड रखे गए हैं। साथ ही सात शिक्षकों की नियुक्ति हो गई, उनके लिफाफे खुलने के लिए शासन के निर्देश का इंतजार है। उन्होंने बताया कि 14 पोस्ट के लिए सेल्फ फाइनेंस में इंटरव्यू कर रखे हैं, उनके लिफाफे मान्यता मिलने के बाद खोले जाएंगे।
रिक्त पद भर दिए
कॉलेज को चलाना प्राथमिकता है। रिक्त पड़े पदों को इस बार भर दिया गया है। इस संबंध में वीसीआई के चेयरमैन से भी बात की गई है। - डॉ. गया प्रसाद, कुलपति
मानक कर रहे पूरे
एडमिशन के लिए 30 अगस्त तक का समय है। वीसीआई से मान्यता मिलते ही एडमिशन कर दिए जाएंगे। वीसीआई को जो मानक चाहिए, वह विवि प्रशासन पूरे कर रहा है। डॉ. बीआर सिंह, रजिस्ट्रार
खास बातें:
15 अगस्त तक वीसीआई ने दी मान्यता तभी होंगे दाखिले
15-20 जुलाई के बीच वीसीआई की टीम करेगी निरीक्षण