मवाना। खाने-पीने की वस्तु एवं खेल-खिलौने के लिए पॉकेट मनी लेने वाले बच्चे भी पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त करने को लेकर जागरूक हो रहे हैं। कुछ ऐसे ही बच्चों ने अपनी जेब खर्च से पौधे खरीदकर रविवार को मैदान में रोपित कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
नगर के प्रीतनगर स्थित मैदान में रविवार को बच्चे विभिन्न फलों के पौधे लेकर पहुंचे। बताया कि उन्होंने माता-पिता द्वारा जेब खर्च के लिए दिए गए रुपयों से पौधे खरीदे हैं। जिससे देश प्रदूषण मुक्त हो सके और आने वाली पीढ़ी को भी साफ आक्सीजन मिल सके। बच्चों ने दर्जनों पौधे मैदान में लगाए और उन्हें प्रतिदिन पानी देने और उनकी सुरक्षा करने का संकल्प लिया। बच्चों के इस कदम की कॉलोनी के लोगों ने सराहना की। पौधरोपण करने में बच्चों में अंशुल, रजत मावी, अक्षित, हिमांशु, लविश, तनु, चिंकी, गौरी, वैष्णवी, देविका, हिमानी, वार्ड दो के सभासद सलेख चंद का सहयोग रहा।