मवाना। आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपालों की पांचवें दिन शनिवार को भी हड़ताल जारी रही। लेखपाल तहसील सभागार के पास धरने पर बैठे रहे, जिस कारण कामकाज ठप रहा। तहसील अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा ने बताया कि जब तक सरकार उनकी आठ सूत्रीय मांगों को पूरा नहीं करेगी वे हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी मांगे पूरी नहीं होने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां अरविंद, धर्मपाल, नरेंद्र कुमार, उधम सिंह, सुशील प्रसाद आदि मौजूद रहे।
मैदान में 210 पौधे रोपे
मवाना। तहसील रोड स्थित मैदान में स्वच्छ भारत सुंदर भारत के तहत शनिवार को सैकड़ों पौधे रोपित किए गए। जिसमें नगर पालिका चेयरमैन समेत कस्बे के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के आयोजक विशांत शर्मा ने बताया कि प्रदूषण की रोकथाम के लिए हमें एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। जिससे ग्लोबल वार्मिंग जैसी स्थिति को काबू में लाया जा सके। उन्होंने पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ अंर्तगत शनिवार को तहसील रोड स्थित मैदान में पौधे रोपे। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका के चेयरमैन अय्यूब कालिया ने पौधा रोपकर किया। अय्यूब कालिया ने कहा कि पेड़ ही जीवन है और यदि पेड़ नहीं होंगे तो हमें आक्सीजन और फल-फूल कहां से प्राप्त होंगे। उन्होंने कार्यक्रम के संयोजकों के इस प्रयास की सराहना की। इस मौके पर रजनीश, सतीश भारद्वाज, पंकज नागर, सोनू वर्मा, सौरभ, बिल्लू, देवेंद्र, दानिश, उदय, तरुण, अशोक, इनाम इलाही, जितेंद्र, मोहित, अरफात अंसारी, अक्की आदि मौजूद रहे।