मवाना। मेरठ जिले की समस्त सीएचसी एवं पीएचसी की जांच करने के लिए बुधवार को लखनऊ से टीम पहुंची। टीम ने मेरठ जिले की मवाना, परीक्षितगढ़, माछरा सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम को सीएचसी में स्टाफ की कमी एवं सफाई व्यवस्था बदहाल नजर आई। जिस पर उन्होंने सीएचसी प्रभारियों को कड़े दिशा निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि बुधवार को लखनऊ से डॉ. अभिषेक, डॉ. प्रभाकर मेरठ जिले के चिकित्सक डॉ. मनीष के साथ आकस्मिक निरीक्षण करने मवाना सीएचसी पहुंचे। टीम ने सीएचसी की सभी सुविधाओं को जांचने के साथ लेबर रूम, दवा का स्टाक, स्टाफ, उपस्थिति रजिस्टर चेक किए। इस दौरान टीम को सीएचसी में काफी अनियमिताएं मिलीं। इस पर टीम ने नाराजगी जाहिर की। टीम ने सभी को गाइड किया और इसके बाद टीम परीक्षितगढ़ स्थित सीएचसी पर पहुंची। यहां भी टीम ने सभी हेड क्वार्टर, लेबर रूम आदि का निरीक्षण किया। परीक्षितगढ़ के बाद टीम माछरा पहुंची। यहां भी टीम को काफी अनियमिताएं मिलीं। उन्होंने कार्य दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए। टीम के औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।