थाना प्रभारी से मिला व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल
मवाना। संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल विभिन्न समस्याओं को लेकर थाना प्रभारी से मिला तथा समाधान की मांग की। साथ ही बढ़ती अपराधिक घटनाओं पर रोष व्यक्त किया।
प्रतिनिधि मंडल ने थाना प्रभारी एमपी सिंह को बताया कि रोडवेज और प्राइवेट बसें निर्धारित स्थान पर ही रुकें, जहां तहां न रुके, बैंकों में पार्किंग नहीं होने से जहां तहां वाहन खडे़ होते है जिससे जाम की समस्या पैदा होती है, वहीं व्यापारियों के साथ हुई कई लूट की घटनाएं तथा छेड़छाड़ की घटनाओं में दर्ज रिपोर्ट के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर रोष व्यक्त किया।
प्रतिनिधि मंडल ने घटनाओं को रोकने के लिए गश्त बढ़ाए जाने तथा लूट डकैती की घटनाओं के खुलासे के लिए टीम बनाकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल का कहना है कि थाना प्रभारी ने व्यापारियों से एकजुट होकर समस्याओं से लड़ने तथा तुरंत पुलिस को बुलाने की बात कही। थाना प्रभारी का कहना है कि पर्याप्त पुलिस ना होने की वजह से समुचित कार्रवाई नहीं हो पा रही है। थाना प्रभारी के इस प्रकार के व्यवहार से क्षुब्ध प्रतिनिधि मंडल वहां से उठकर चला आया। प्रतिनिधि मंडल ने चेतावनी दी है कि जल्द ही बैठक बुलाकर आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा तथा उच्चाधिकारियों से मिलकर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष शैवाल दुबलिश, मौ. नदीम, राजबीर चौधरी, दीपक गुप्ता, शहजाद, राजू गिरधरवाल, अर्चित जैन, संदीप रस्तोगी, राहुल रस्तोगी, अनुराग रस्तोगी, नीरज सहदेव, सोनू आदि थे।