बौंद्रा। असीलपुर गांव स्थित जच्चा-बच्चा केंद्र बीमार हाल में है। यहां परिसर गदंगी से अटा पड़ा है। गांव के कुछ शरारती युवकों ने इसके दरवाजे तक उखाड़ फेंके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुध नहीं ले रहा है। यह जच्चा-बच्चा केंद्र कई लाख रुपये की लागत से सात वर्ष पहले बनाया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही की वजह से सालों में निर्माण कार्य पूरा हुआ था। इसके बाद चिकित्सा सेवा शुरू करने के बजाए इसमें ताला डाल दिया गया। सात साल से देखरेख के अभाव में स्वास्थ्य केंद्र बंद हो चुका है। असामाजिक तत्व मुख्य द्वार का एक गेट तक ले गए। कमरों का ताला खुले अरसा बीत गया। परिसर में घास फूस उगी है। ग्रामीण वकील अहमद, अल्लाहमेहर अली, जावेद अली, नवाब अली, रहमान अली, इकबाल अली आदि ने बताया कि इसके बनने का जरा भी फायदा नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नही हुई। ग्रामीणों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परीक्षितगढ़ एवं माछरा ले जाना पड़ता है। इस बारे में केंद्र प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि जल्द ही कार्रवाई कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। वहीं, इस संबंध में ग्रामीण चमन अली ने बताया कि कई बार अधिकारियों कोलिखित में अवगत कराया जा चुका है।