बिजली लाइन ठीक करने में जुटी टीम
सरधना। तीन दिन पूर्व शुक्रवार की रात आए अंधड़ के दौरान विद्युत लाइन के तारों पर पेड़ टूटकर गिरने के कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। सरधना नगर व देहात क्षेत्र में ही करीब सत्तर से 80 विद्युत पोल टूटने के साथ ही जगह-जगह विद्युत तार टूट गए। विद्युत निगम की कई टीम विद्युत पोल को ठीक करने में जुटी है। उसके बाद भी क्षेत्र में अभी तक बिजली आपूर्ति संचालित नहीं की गई है जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
सरधना नगर व देहात क्षेत्र में शुक्रवार की रात में आए तेज अंधड़ से जहां एक तरफ आम के बागों की फसलों को नुकसान हुआ। वहीं विद्युत पेड़ों के विद्युत लाइन पर गिर जाने से विद्युत सप्लाई ठप हो गई। विद्युत सप्लाई के ठप होने पर विद्युत निगम की टीम आपूर्ति को सुचारू कराने में जुटी हैं। सरधना नगर में जुल्हैडा रोड-ईकडी रोड नई बस्ती, लोक प्रिय रोड, बिनौली रोड व मढ़ियाई में विद्युत लाइन अभी तक ठीक नहीं हो सकी है, जिस कारण लोग परेशान हैं। हालांकि जेई अनिल कुमार ने बताया कि विद्युत निगम की टीम विद्युत आपूर्ति को सुचारू करने के लिए दिन रात जुटी है, लेकिन लाइन जगह-जगह से बाधित होने के कारण अभी पूरे क्षेत्र में विद्युत सप्लाई सुचारू नहीं हो सकी है। जल्द आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा।